हमारे देश में हर रिश्ते के लिए एक त्यौहार है, क्योंकि भारत न केवल अपने व्यंजनों, भाषाओं और इतिहास के लिए, बल्कि रिश्तों से जुड़े त्योहारों के लिए भी प्रसिद्ध है।
(तस्वीर साभार Ai)
रक्षाबंधन भाई-बहनों के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण त्यौहार है। इस दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर एक सूत्र बांधती हैं, जो उनकी सुरक्षा और भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत करने का प्रतीक है। इस सूत्र के मान की रक्षा करना भाई का कर्तव्य होता है।
इस त्यौहार पर बहनें अपने भाई को राखी बांधती हैं और मिठाई खिलाती हैं। इसके बदले में भाई अपनी बहन को सप्रेम नेग या उपहार भेंट करते हैं। इस दिन घरों में तरह-तरह के स्वादिष्ट पकवान भी बनते हैं।
मगर आज के सोशल मीडिया के युग में इस त्यौहार की मूल भावना पर पूंजीवाद का असर दिखने लगा है। इसमें भाव से ज़्यादा उपहार की कीमत का महत्व हो गया है, ताकि महंगे उपहारों का दिखावा सोशल मीडिया पर किया जा सके और उसके बदले बनावटी सम्मान और कुछ लाइक-कमेंट पाए जा सकें।
आज की आधुनिक दुनिया में, जहां हर जगह वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी का बोलबाला है, सभी रिश्तों और उनके मूल भावों में बदलाव आता जा रहा है। इसमें कुछ बदलाव निश्चित रूप से सकारात्मक हैं, तो कुछ नकारात्मक भी हो रहे हैं।
त्यौहार खूब मनाएं, क्योंकि रिश्तों की संवेदना का मूल हैं त्यौहार। आप सभी को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं।
अशोक कुमार
पैतृक निवास
9 अगस्त 2025
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें